लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में शुक्रवार को आए आंधी-तूफान में कुछ लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने सम्बंधित जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आपदा से प्रभावित लोगों की हानि का आकलन करते हुए उनको राहत एवं अन्य जरूरी मदद अविलम्ब उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।दरअसल शुक्रवार को एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आये आंधी-तूफान के कहर में 15 लोगों की मौत हो गई तो कई अन्य लोग घायल हो गए। आंधी के बाद तेज बारिश से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि दर्जनों पेड़ और होर्डिंग्स धराशाई हो गए। मुरादाबाद में 7, संभल में 3, मेरठ और मुजफ्फरनगर में 2-2 और अमरोहा में एक की मौत हुई है। मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। इस बीच राहत आयुक्त संजय कुमार ने सभी प्रभावित जिलों में नुकसान का आंकलन करने और राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।उधर एटा जिले में भी तेज आंधी और तूफान से 5 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मेरठ, मुजफ्फरनगर, बदायूं और बुलंदशहर में आंधी से लाखों का नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
