अब मोदी-मुक्त भारत का समय है: राज ठाकरे

मुंबई। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मोदी-मुक्त भारत के लिए आह्वान किया है. राज ठाकरे रविवार को गुड़ी पर्व के मौके पर मुंबई में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।रैली में बीजेपी पर आरोप लगाते हुए राज ठाकरे ने कहा कि उनका एकमात्र एजेंडा है राम मंदिर के मुद्दे पर दंगे करवाना, जिससे कि वे 2019 का आम चुनाव जीत सके। ये रैली महाराष्ट्र में मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर काफी अहम मानी जा रही है। रैली के जरिए ठाकरे ने आगामी चुनावों में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के भी संकेत दिए। राज ठाकरे ने महाराष्ट्र नव निर्माण की शुरूआत 12 साल पहले की थी लेकिन पार्टी को अभी तक कोई बड़ी कामयाबी हाथ नहीं लगी है। ऐसे में पार्टी अपनी तकदीर बदलने के लिए बेताब है।
रैली में राज ठाकरे ने कहा, नरेंद्र मोदी ने 2014 में हम सभी को कांग्रेस-मुक्त भारत देने का वादा किया था। हमने उन पर यकीन भी किया। लेकिन अब ये देखने के बाद कि उन्होंने अब तक देश के साथ क्या किया है, मेरा मानना है कि अब ये मोदी-मुक्त भारत का समय है। आप सभी को भी देश के विकास की ओर सतर्क होना चाहिए। देश हित के लिए मोदी सरकार ठीक नहीं है।राज ठाकरे ने सभी राजनीतिक दलों को बीजेपी सरकार के खिलाफ एक मोर्चा खोलने की अपील की। उन्होंने कहा आप खुद देखिए, किस तरह से मीडिया और न्यायपालिका की आवाज़ें दबाई जा रही है।क्या ये इमरजेंसी जैसे हालात नहीं हैं? ये सरकार जो तरकीब अपना रही है वो एडॉल्फ हिटलर की किताबों में लिखी गई है।
राज ठाकरे के मुताबिक, आने वाले चुनावों में राजनीतिक लाभ के लिए बीजेपी देश में दंगा करवा सकती है। उन्होंने कहा, बीजेपी के लिए एकमात्र एजेंडा है देश में राम मंदिर के मुद्दे पर दंगे करवाना। मैंने सुना है बीजेपी कुछ मुस्लिम संगठनों से संपर्क है और राम मंदिर का मामला सुलझने के बाद वो दंगा करवाना चाहते हैं। क्या हमें राम मंदिर चाहिए? बिल्कुल चाहिए, लेकिन हम एक और साल का इंतज़ार कर सकते हैं। एक और साल का इंतज़ार कीजिए. चुनाव के बाद राम मंदिर का समाधान हो सकता है।
राज ठाकरे ने आगे दावा किया कि बुलेट ट्रेन के जरिए मुंबई और महाराष्ट्र को बांटने की एक चाल है। उन्होंने नरेंद्र मोदी की लगातार विदेश यात्राओं पर सवाल उठाए। ठाकरे ने कहा, अगर पकौड़ा बेचना रोजगार है तो क्या मोदी आटा खरीदने के लिए दुनिया भर में घूम रहे हैं?ठाकरे ने अपने भाषण में कहीं भी शिवसेना या उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे का जिक्र नहीं किया।
ये रैली महाराष्ट्र और साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर हुई राजनीतिक घटनाओं को लेकर काफी अहम मानी जा रही है। कांग्रेस और एनसीपी ने बीजेपी के खिलाफ सभी पार्टियों को एकजुट करने के लिए मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में सवाल उठते हैं कि क्या बीजेपी-शिवसेना आगामी चुनावों के दौरान एक साथ मिल जाएंगे। राज ठाकरे और शरद पवार के बीच में नजदीकियां भी बढ़ रही है। राज ठाकरे अपने कार्टून के माध्यम से राहुल गांधी को भी पसंद कर रहे हैं।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts