बरेली। वाइड विज़न के बैनर तले बनी सुरेश ठाकुर द्वारा निर्देशित फ़िल्म “वंदेमातरम-एक एहसास” का प्रीमियर 01 जुलाई 2018 (रविवार) को ‘प्रभा’ सिनेमा बरेली में संपन्न हुआ | फ़िल्म देखने की चाहत रखने वाले कद्रदानों की तादाद वितरित एंट्री कार्ड्स के मुकाबले कई गुना अधिक थी | बताया गया किअनेक परोक्ष आमंत्री थे तो अनेक अनामंत्री | फ़िल्म प्रेमियों की इच्छा का सम्मान करते हुए आयोजकों द्वारा अंत में सभी को अनुमत कर दिया गया |यद्यपि ये फ़िल्म दो फिल्मोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है किंतु बरेली शहर के सुधि दर्शकों के समक्ष ये पहली सार्वजनिक प्रस्तुति थी | फ़िल्म को दर्शकों की भरपूर प्रशंसा और सराहना मिली | अनेक स्थानों पर दर्शक तालियाँ बजाते नजर आए तो कई जगह रूमाल या पल्लू से आँसू पोंछते हुए |फ़िल्म के माध्यम से जनसामान्य को ये महसूस कराने का प्रयास किया है कि राष्ट्र के लिए एक सैनिक की सेवायें अन्य सेवाओं से न केवल भिन्न हैं बल्कि श्रेष्ठ हैं……सर्वश्रेष्ठ हैं | एक सैनिक के लिए ‘वंदेमातरम’ एक स्लोगन भर नहीं बल्कि एक अहसास है | एक ऐसा अहसास जो उसे राष्ट्र के प्रति समर्पण के चरम तक प्रतिबद्ध बनाये रखता है |एक सैनिक की शहादत के प्रति सम्मान और उसके शोक संतप्त परिवार के प्रति समाज, सरकार और देश के दायित्व सम्बंधी विषय को प्रभावी तरीके से उठाया गया है एक घण्टा अवधि की इस फ़िल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन सुरेश ठाकुर का है | फिल्मांकन इंद्रेश सक्सेना (गुड्डू) तथा गोविन्द कुमार का है | सुरेश ठाकुर तथा सिया सचदेव के लिखे गीतों को संगीत सुरेश ठाकुर ने दिया है तथा राजीव बेताब और रूचि शुक्ला के साथ गाया भी है | सहायक निर्देशक हैं अनुज पाण्डेय, चंदन सिंह और अमित कुमार | अनुज पाण्डेय ने प्रोडक्शन मैनेजर के रुप में भी प्रमुख भूमिका निभाई है | बताया गया कि सर्वश्री हेत राम शाक्य, अमर पाल सिंह गरचा, कर्नल योगेंद्र सिंह, नितिन कुमार और जयदेव गोस्वामी का फ़िल्म में उल्लेखनीय सहयोग है | चिया जोशी, धीरेंद्र गुप्ता, अजय चौहान, विभा भटनागर, समीक्षा श्रीवास्तव, अनवीर कौर, रोहित मिश्रा, अम्बरीश सक्सेना, अमरपाल सिंह गरचा, प्रियंका सिंह, जितेंद्र गंगवार और हेतराम शाक्य फ़िल्म की प्रमुख भूमिकाओं में हैं |
सुरेश ठाकुर द्वारा निर्देशित फ़िल्म ‘वंदेमातरम-एक एहसास’ का बरेली में प्रदर्शन हुआ
