बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में पुरुष कैब चालक अब रात 10 बजे के बाद महिला यात्रियों को नहीं ले जा सकेंगे। कैब में महिलाओं के साथ बलात्कार की दो घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने यह नियम लागू किया है। हालांकि इस पाबंदी से महिला यात्रियों को रात में परेशानी नहीं होगी, क्योंकि बीजिंग में पर्याप्त महिला चालक हैं। स्थानीय शासन ने शुरुआत में दीदी कैब सेवा बंद कर दी थी। अब इसने कंपनी को लैंगिक समानता के नियम के तहत सीमित संचालन शुरू करने की इजाजत दी है। लेकिन मध्यरात्रि से सुबह छह बजे तक की सेवाएं निलंबित कर दी हैं। एक विमान परिचारिका के साथ एक टैक्सी में चालक द्वारा बलात्कार करने की घटना सामने आई थी। बलात्कार के बाद परिचारिका की हत्या कर दी गई थी। उसने कथित रूप से अपने पिता के कैब और खाते का इस्तेमाल किया था। एक और मामले में, पुलिस ने 22 वर्षीय एक महिला यात्री से बलात्कार करने के आरोप में 35 वर्षीय एक कार चालक को गिरफ्तार किया था। यह चालक बीजिंग से बाहरी इलाके के एक गांव में कार लेकर गया था। उसने रास्ते में एक सुनसान जगह पर कार रोकी और उसमें सवार महिला के साथ जबरदस्ती करनी चाही। लेकिन महिला को तब तक शक हो चुका था और उसने अभिभावकों को फोन कर दिया था। चालक ने महिला को कार की पिछली सीट पर खींचने की कोशिश की, लेकिन महिला के परिजनों के आ जाने के कारण भाग गया। अगले दिन उसे गिरफ्तार किया गया। पाबंदी के एलान के बीच कैब सेवा कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह अपने वाहनों में एक पैनिक बटन मुहैया कराएगा। इससे यात्री किसी आपात स्थिति में अपने मित्रों और रिश्तेदारों को सतर्क कर सकेंगे।
रात 10 बजे के बाद महिला यात्रियों को नहीं ले जा सकेंगे पुरुष कैब चालक
