रायपुर। हिन्दुस्तान में पहली बार लोकतंत्र की आवाज को दबाने की पूरी कोशिश हो रही है। 70 साल में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब विपक्ष को पूरी तरह से दबाने का प्रयास हो रहा है। यही नहीं देश के अधिकांश वर्गों को डराने का खेल भी जारी है। आज पूरा देश डर के माहौल में है। उक्त बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित पंचायती राज कार्यक्रम में कही। इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के साथ ही मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडि़सा से भी हजारों की संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित हुए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार अब तानाशाही रवैया अपना रही है। देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मजबूत करने का निर्णय कांग्रेस का ही था। आज पंचायतों को ही दबाने का प्रयास हो रहा है।छत्तीसगढ़ के पास क्या नहीं है? खनिज है, पानी है, लेकिन फिर भी छत्तीसगढ़ गरीब राज्य है। राहुल गांधी ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा में कहा गया कि पंचायत प्रतिनिधि वही बन सकता है जो कि आठवीं अथवा दसवीं पास हो।इस दौरान राहुल ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला बोला। राहुल गांधी ने इंडोर स्टेडियम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, ‘भारत के इतिहास में ऐसे पहली बार हुआ है, जब सुप्रीम कोर्ट के चार जजों को न्याय के लिए प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ी हो। इससे पहले भारत में ऐसा कभी नहीं हुआ था।’ राहुल गांधी ने कहा कि, ‘ देश में तानाशाही चल रही है, सरकार लोगों की आवाज को दबा रही है। देश में आये दिन हिंसा की घटना सामने आ रही है, लेकिन केंद्र सरकार मौन है।’
देश में डर का माहौल बना रही सरकार: राहुल गांधी
