अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा और नैशनल ऑशनिक ऐंड एटमॉसफेरिक एडमिनिस्ट्रेशन की मानें तो दुनिया भर में, 2001 के बाद पिछले 17-18 सालों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि पिछले 4 साल तो तापमान और तेजी से बढ़ा है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के शहर नवाबशाह में बीते सोमवार को पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। लगभग 10 लाख की आबादी वाले इस शहर में अप्रैल के महीने में दुनिया का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम वैज्ञानिकों का मनना है कि अप्रैल के महीने में दुनिया का सबसे ज्यादा तापमान इस शहर में रहा। अमेरिकी अखबार ने इस बात की जानकारी देते बढ़ते तापमान पर चिंता जाहिर की।दुनिया भर के मौसम पर नजर रखने वाले मौसम विशेषज्ञ क्रिस्टोफर बर्ट ने बताया कि इतना तापमान आधुनिक समय में धरती के लिए सबसे ज्यादा है। इससे पहले अप्रैल 2001 में मैक्सिको शहर का तापमान 51 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। बर्ट का मानना है कि अप्रैल के महीने में 17 साल बाद इतना तापमान दर्ज किया गया है। बर्ट के मुताबिक, यह दूसरा महीना है जब नवाबशाह शहर में तापमान इस स्तर तक पहुंचा है। इससे पहले मार्च में नवाबशाह शहर का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। बढ़ता तापमान लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। खास तौर पर एशियाई देश इससे प्रभावित हो रहे हैं। अप्रैल 2017 में भी पाकिस्तान अप्रैल के महीने में गर्मी के मामले में काफी आगे था। जून 2015 में पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची और इसके आसपास के इलाकों में गर्मी की वजह से 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।