केमरोव। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को हुए चुनावों में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली है। उकेंद्रीय चुनाव आयोग ने बताया कि पुतिन ने 76.67 फीसदी वोट हासिल किए। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि करीब दो दशक से रूस पर शासन करने वाले पुतिन ने रविवार को हुए चुनाव में अब तक का सबसे श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। अधिकारियों ने 99.8 प्रतिशत मतपत्रों की गणना कर ली है।ऐसे समय में जब रूस और पश्चिमी देशों के संबंध खराब दौर से गुजर रहे हैं रूस की जनता ने पुतिन को ही अगले 6 सालों के लिए राष्ट्रपति चुना है। अब वह 2024 तक इस पद पर रहेंगे। पुतिन 2024 में अपना कार्यकाल खत्म होने के समय 71 साल के होंगे और उस समय सोवियत शासक जोसेफ स्टालिन के बाद सबसे लंबे समय तक नेता रहने वाले शख्स भी होंगे। पुतिन ने इस चुनाव से पहले अपने देश के नागरिकों से वादा किया था कि वे पश्चिमी देशों के खिलाफ रक्षा क्षेत्र को मजबूत करेंगे और लोगों के जीवन स्तर को सुधारेंगे। बीते 18 सालों से राजनीति में अपना दबदबा रखने वाले पुतिन ने अपने प्रशंसकों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इस जीत का भरोसा था क्योंकि उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में भी विश्वास मत हासिल कर लिया था। अभी तक के नतीजों के मुताबिक पुतिन के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी और कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार पावेल ग्रुदिनिन को करीब 13 प्रतिशत वोट मिले, जबक नैशनलिस्ट व्लादिमीर झिरिनोवस्की को करीब 6 प्रतिशत वोट मिले हैं। कोई भी उम्मीदवार पुतिन को मुकाबले की टक्कर नहीं दे सका और विपक्षी नेता ऐलेक्सी नवॉलनी को चुनाव लडऩे से रोक दिया गया था। 65 साल के पुतिन साल 2000 से रूस के राष्ट्रपति पद पर बने हुए हैं।
चुनाव में ऐतिहासिक जीत, पुतिन को चौथी बार मिली रूस की कमान
