बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सरलीकरण, तालमेल और स्तर पर फोकस: एन चंद्रशेखरन

नई दिल्ली। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने अपने कर्मचारियों से कहा है कि अगले साल दुनिया की आर्थिक विकास दर चार फीसद रहने की संभावना से पैदा होने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए उन्हें सरलीकरण, तालमेल और स्तर पर ध्यान देना चाहिए। नमक से सॉफ्टवेयर तक तमाम सेक्टरों में कारोबार करने वाले टाटा समूह के 6.95 लाख कर्मचारियों को नये साल पर संबोधन में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह समय बदलाव के लिए एकदम सटीक है। दुनिया में कई उत्साहजनक बदलाव हो रहे हैं। कुछ हद तक अनिश्चितता भी है। हमारा अनुमान है कि ग्लोबल अर्थव्यवस्था की विकास दर अगले साल चार फीसद रहेगी जो 2011 के बाद सबसे तेज रफ्तार होगी। ग्लोबल विस्तार का आने वाले दौर विकासशील देशों खासकर भारत की ओर तेज होगा। हमें समूह की कंपनियों के लिए भविष्य में काफी संभावनाएं दिखाई दे रही है। पिछले साल समूह से सायरस मिस्त्री की विदाई और कानूनी जंग के बाद चंद्रशेखरन ने इस साल फरवरी में समूह के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने कहा कि टाटा समूह भारत के आर्थिक विकास में खासी अहमियत रखता है। ग्लोबल स्तर पर भी वह प्रभावशाली भूमिका निभाता रहेगा। ग्लोबल स्तर पर हमारी विभिन्न क्षेत्रों में मौजूदगी और करीब एक अरब उपभोक्ताओं के जीवन से जुड़ाव के चलते समूह की खास अहमियत है। हमें सबसे शानदार प्रदर्शन करने के लिए हमें तीन बिंदुओं सरलीकरण, तालमेल और स्तर पर फोकस करना होगा।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts