जयपुर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव की हो रही मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बढ़त मिलती देख भाजपा प्रदेश कार्यालय में जन सैलाब उमड पडा वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मायूसी छाई हुई है।मतगणना के रूझानों में राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के बढत के बाद भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का हूजूम बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी और आतिशबाजी की तथा ढोल की थाप पर थिरक उठे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी वरिष्ठ नेता सतीश पुनिया सहित कई नेता प्रदेश कार्यालय में आये तथा कार्यकर्ताओं का आभार स्वीकार किया।इधर कांग्रेस कार्यालय में लगभग सन्नाटा पसरा हुआ है, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के 11.00 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आने का कार्यक्रम था लेकिन वह भी नहीं आये तथा अपने आवास पर ही मतगणना के रूझान देखते रहे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपने आवास पर चुनावी हलचल का जायजा लिया। प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की जीत का जश्न मनाया।
कमल खिलने पर भाजपा में खुशी, कांग्रेस में निराशा
