इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने कहा कि वह 291 भारतीय मछुआरों को मानवीय आधार पर अगले हफ्ते से दो चरणों में रिहा करना शुरू करेगा। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता डॉ मोहम्मद फैसल ने बताया कि पाकिस्तान ने दो चरणों में 291 भारतीय मछुआरों को रिहा करने और उन्हें उनके देश वापस भेजने का फैसला किया है। पहला चरण 29 दिसंबर 2017 को होगा जबकि दूसरा चरण आठ जनवरी 2018 को होगा। उन्होंने बताया कि उन्हें वाघा सीमा के जरिए उनके देश भेजा जाएगा और यह फैसला मानवीय आधार पर सद्भाव के तौर पर किया गया है। पाकिस्तान ने अक्तूबर में 68 मछुआरों को रिहा किया था। फैसल ने बताया कि पाकिस्तान हमेशा इस बात को कहता है कि मानवीय मुद्दों को सरल बनाया जाना चाहिए न कि उनका राजनीतिकरण किया जाना चाहिए। पाकिस्तान मेरीटाइम सिक्योरिटी फोर्स ने पिछले हफ्ते कहा था कि अधिकारियों ने इस साल भारत के 400 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान और भारत के मछुआरों को एक दूसरे के जल क्षेत्र में मछली पकडऩे के आरोप में गिरफ्तार किया जाता है क्योंकि अरब सागर में समुद्र सीमा को स्पष्ट करने वाली कोई चीज नहीं हैं।
पाक मानवीय आधार पर 291 भारतीय मछुआरों को करेगा रिहा
