राहुल गांधी खानदानी नेता, देश को ऐसे नेताओं की जरूरत : सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू

लुधियाना । नवजोत सिंह सिद्धू  का पार्टी बदलते ही वंशवाद पर नजरिया भी बदल गया है। कभी वंशवाद के नाम पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व सुखबीर बादल पर निशाना साधने वाले सिद्धू को अब राहुल गांधी का वंशवाद भा गया है। सिद्धू ने यहां राहुल गांधी को खानदानी बताया। उन्होंने कहा कि देश को अब राहुल गांधी जैसे खानदानी नेताओं की जरूरत है। नवजोत सिंह सिद्धू  लुधियाना में आयोजित मास्टर तारा सिंह की 50 वीं बरसी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। पत्रकारों से बात करते हुए सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी अब परिपक्व राजनेता बन चुके हैं और वह देश की बागडोर संभालने के लिए उपयुक्त खानदानी व्यक्ति हैं। पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ है।

राहुल गांधी के धर्म पर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और हमारे लिए सभी धर्म एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के बारे में वह इस वक्त कोई बात नहीं करेंगे। लेकिन इतना जरूर कहा कि जल्दी ही लुधियाना में भी चुनाव करवा दिए जाएंगे। सरकार चुनाव को लेकर तैयारी कर रही है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सिटी की समस्याओं को लेकर गंभीर है। एक-एक समस्या के समाधान के लिए सरकार वचनबद्ध है।

सिद्धू ने कहा कि मास्टर तारा सिंह अपने आप में एक संस्था थे। उन्होंने लोगों को समर्पण की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि मास्टर जी के परिवार ने मांग की थी कि उनके नाम से किसी यूनिवर्सिटी में एक चेयर स्थापित की जाए और एक म्यूजियम बनाया जाए। लेकिन परमजीत सिंह सरना ने मांग की है कि उनके नाम से यूनिवर्सिटी बनाई जाए। सिद्धू ने कहा कि अगर परमजीत सिंह सरना सरकार को कुछ आर्थिक मदद करें तो सरकार यूनिवर्सिटी खोलने के लिए तैयार है। सरकार के पास अभी फंड की कमी है। लेकिन, मास्टर जी के नाम से यूनिवर्सिटी खोलने की मांग वह मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts