सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धान्त पर काम कर रही है केन्द्र-राज्य सरकार : मुख्यमंत्री

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां एक बार फिर दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की तरह राज्य सरकार भी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धान्त पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘संकल्प से सिद्धि’ मंत्र को अपनाते हुए वर्ष 2022 तक एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लिया है, जो सभी विषमताओं से मुक्त हो। यह नया भारत गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, सम्प्रदायवाद और जातिवाद से मुक्त होगा। वर्ष 2022 में जब देश स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहा होगा, तब तक सभी परिवारों को सारी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी, जो जीवन-यापन के लिए आवश्यक हैं। राज्य सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह विचार शनिवार को राजधानी के एक होटल में एक मीडिया हाउस द्वारा ‘तरक्की का नया नजरिया विजन 2022’ विषय पर आयोजित समागम में व्यक्त किये। रोजगार के सम्बन्ध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नई औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2017 लागू की जा चुकी है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में उद्योग अनुकूल वातावरण प्रदान करते हुए निवेश आकर्षण एवं सभी वर्गों को समावेशी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts