योगी आदित्यनाथ 14 को अयोध्या से शुरू करेंगे प्रचार अभियान

लखनऊ। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद अब योगी आदित्यनाथ से सामने निकाय चुनाव एक तगड़ी चुनौती हैं। इसको वह बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में प्रचार की कमान अपने हाथ में रखे हैं। वह हर नगर निगम में इस बार एक-एक जनसभा करेंगे।  योगी आदित्यनाथ प्रचार अभियान की शुरुआत पहली बार नगर निगम बने अयोध्या के साथ करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को अयोध्या से निकाय चुनाव के प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। उनका प्रदेश के हर नगर निगम में एक रैली करने का कार्यक्रम है।

सीएम योगी आदित्यनाथ छोटी दीवाली पर भी अयोध्या गए थे। अयोध्या को प्रदेश तथा देश की राजनीति के केंद्र बिन्दु में एक बार फिर लाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थानीय निकायों के चुनाव का प्रचार अभियान शुरू करेंगे। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव राज्य में सत्ताधारी भाजपा की पहली परीक्षा हैं। इसके लिए विपक्षी दलों ने भी कमर कर ली है। विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी दमदार प्रदर्शन कर चुकी है। इसी प्रदर्शन को दोहराने का दबाव पार्टी पर रहेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह एक बड़ी चुनौती है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि के अनुसार निकाय चुनावों में हिंदुत्व और विकास ही भाजपा का मुद्दा होगा। यही वजह है कि मुख्यमंत्री निकाय चुनावों के प्रचार अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को अयोध्या से करेंगे। अभियान शुरू करने के पहले वह रामलला के दर्शन भी कर सकते हैं। अयोध्या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के लिए हिंदुत्व की प्रयोगशाला रही है। भाजपा को इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय बहुत कुछ अयोध्या को ही जाता है। जब पार्टी ने अयोध्या और राम मंदिर से दूरी बनाई तो उस पर औरों के साथ विचार परिवार से भी सवाल उठने लगे लेकिन, योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अयोध्या लगातार सुर्खियों में है। शुरू में यह चर्चा उनकी अयोध्या की नियमित यात्राओं को लेकर रही।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts